Flash Newsदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार

ड्रोन अटैक के बीच सऊदी अरब ने भारत को कच्चा तेल आपूर्ति बनाए रखने का भरोसा दिया

नई दिल्ली

सऊदी अरब की कंपनी अरामको द्वारा परिचालित दुनिया के सबसे बड़े कच्चा तेल प्रसंस्करण कारखाने पर ड्रोन हमले के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने आश्वस्त किया है कि भारत को तेल की आपूर्ति बाधित नहीं होगी। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता देश है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोमवार को कहा, ‘सऊदी अरामको के अधिकारियों ने 15 सितंबर को भारतीय रिफाइनरी कंपनियों को सूचित किया है कि उनके लिए आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारतीय रिफाइनरी कंपनियों तथा सऊदी अरामको के साथ स्थिति पर निगाह रखे हुए है।’ सऊदी अरब भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है।

तेल मंत्री ने किया आश्वस्त
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘हमने अपनी मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के साथ मिलकर सितंबर महीने की तेल की समस्त आपूर्ति की समीक्षा की है। हम आश्वस्त हैं कि भारत को तेल आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं होगी। हम हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।’

ड्रोन हमले के बाद आधा हुआ उत्पादन

सऊदी अरब की कंपनी अरामको द्वारा परिचालित दुनिया के सबसे बड़े कच्चा तेल प्रसंस्करण कारखाने में ड्रोन हमले के बाद हुए नुकसान के समाचारों से कच्चे तेल के दाम अपने चार माह के उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं। इस हमले से सऊदी अरब का आधा उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे दुनिया में करीब पांच प्रतिशत आपूर्ति बाधित हुई है।

भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता सऊदी
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 83 प्रतिशत आयात करता है। इराक के बाद भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता सऊदी अरब है। वित्त वर्ष 2018-19 में सऊदी अरब ने भारत को 4.03 करोड़ टन कच्चा तेल बेचा। वित्त वर्ष के दौरान भारत का कच्चे तेल का आयात 20.73 करोड़ टन रहा।

चार माह के उच्च स्तर पर तेल के दाम
कच्चे तेल के दाम में सोमवार को भारी उछाल आया। ब्रेंट कच्चा तेल 19.5 प्रतिशत बढ़कर 71.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल का वायदा 1988 में शुरू हुआ था। उसके बाद से डॉलर मूल्य के लिहाज से यह सबसे बड़ी वृद्धि हुई है। अमेरिका का वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट वायदा 15.5 प्रतिशत बढ़कर 63.34 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker