Flash Newsअन्य प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार
बंगाल: राहुल गांधी ने रैली मे नरेंद्र मोदी और ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा

बंगाल :
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बिहार के बाद पश्चिम बंगाल के मालदा में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सभा के दौरान जनता के बीच ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगवाए। साथ ही राहुल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चौकीदार ने वादा किया था कि रोजगार मिलेगा, किसानों का भला होगा, लेकिन कुछ नहीं किया। एक तरफ मोदी झूठ बोलते हैं तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी झूठे वादे करती हैं। पश्चिम बंगाल में सिर्फ एक व्यक्ति पूरा प्रदेश चलाता है। वह किसी की बात नहीं सुनता। क्या एक व्यक्ति को पूरा प्रदेश चलाने देना चाहिए?
सभा में उपस्थित लोगों से राहुल गांधी ने कहा कि आपने सालों सीपीएम की सरकार देखी, इसके बाद ममता की सरकार चुनी, लेकिन इस सरकार में अत्याचार हो रहा है, यहां कांग्रेसियों को मारा जाता है। बंगाल की प्रगति के लिए कांग्रेस की सरकार जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक बार फिर दोहराया कि पीएम मोदी ने आम लोगों का पैसा अमीरों को दे दिया। पांच साल में चौकीदार चोर बन गया है। किसानों के घर पर चौकीदार नहीं होते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, यहां विचारधारा की लड़ाई चल रही है। यह कांग्रेस का गढ़ है। धोखा देकर बंगाल में काम नहीं किया जाता है। पिछले पांच सालों में मोदी ने 15 लोगों का साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। ममता, अरुण जेटली और पीएम मोदी आम लोगों का, किसानों का कर्जा माफ नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में 502 रुपये किसानों को दिए जाते हैं। किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया जाता है। सब जगह बेरोजगारी है। ममता ने न तो किसान का कर्ज माफ किया और न ही रोजगार दिया। हमने ऐतिहासिक निर्णय लिया है कि कम आदमनी वाले लोगों के खाते में सीधे पैसे भेजे जाएंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो मैं आपकी जरूरतों को पूरा करूंगा। मैं आपकी मदद करूंगा। ये पुराना रिश्ता है, ये राजनीतिक रिश्ता नहीं है, दिल का रिश्ता है।
रैली में भीड़ हुई बेकाबू
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चंचल में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा से पहले अराजक स्थिति देखने को मिली। खबरों के मुताबिक राहुल की सभा शुरू होने से कुछ समय पहले समर्थकों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं।
मुख्य मंच पर स्थानीय और कुछ शीर्ष नेताओं की उपस्थिति के बीच भीड़ बेकाबू हो गई। लोग मुख्य मंच के लिए बने बैरिकेडिंग को तोड़ अंदर प्रवेश कर गए। पुलिस की सक्रियता के बीच हालात को काबू करने की कोशिश की गई। पुलिस जवानों के मौजूद रहते भी समर्थक एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकते रहे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली। राहुल गांधी बिहार के पूर्णिया में चुनावी सभा समाप्त कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चंचल पहुंचे थे।



