Flash Newsदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार
सेना प्रमुख बोल-‘अब नहीं बच पाएगा आतंकी मसूद अजहर!, ‘हमारा पूरा प्लान तैयार है’

नई दिल्ली :
पुलवामा आतंकी हमले के गुनहगार आतंकी मौलाना मसूद अजहर पर सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को बड़ा बयान दिया है. उन्होंने लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए साफतौर पर कहा है कि आतंकी मसूद अजहर के खिलाफ हम पूरी तैयारी कर चुके हैं. हम इस ऑपरेशन से जुड़ी बातें सार्वजनिक नहीं कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सेनाएं सक्षम हैं और हर चुनौती के लिए तैयार हैं. सेनाएं जनता के कहने पर काम नहीं करती हैं. सेनाएं राजनीतिक निर्णय के अनुसार काम करती हैं. सेना की कार्रवाई को राजनीति से ना जोड़ा जाए.सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने यह भी कहा कि हम इस ऑपरेशन से जुड़ी बातें सार्वजनिक नहीं कर सकते हैं.
पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सरगना है मौलाना मसूद अजहर. फाइल फोटो
सेना प्रमुख ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित पाक समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर 26 फरवरी को की गई भारत की एयर स्ट्राइक पर उठ रहे सवालों पर कहा कि हमें जो लक्ष्य दिया गया, उसे हमने पूरा किया है. इसमें बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए हैं.
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने म्यांमार में उग्रवादियों के ठिकाने पर की गई सैन्य कार्रवाई पर भी बातचीत की. उन्होंने कहा, ‘भारतीय सेना म्यांमार की सेना की हमेशा आभारी रहेगी क्योंकि उसके सहयोग से ही हम संयुक्त सैन्य अभियानों को अंजाम दे रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि इस सैन्य कार्रवाई में मारे गए उग्रवादियों की संख्या देना सही नहीं होगा. दोनों देशों की सेनाएं मिलकर काम कर रही हैं ताकि आतंकी और उग्रवादी अपनी गतिविधियों के लिए हमारी जमीन इस्तेमाल न कर पाएं.
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने के प्रस्ताव पर चीन ने अड़ंगा लगाया हुआ है. चीन ने चौथी बार वीटो पावर का इस्तेमाल करके मसूद को वैश्विक आतंकी घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगाई है. जबकि इस प्रस्ताव पर भारत को अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन का पूरा समर्थन मिला हुआ है.



