Flash Newsब्रेकिंग न्यूज़समाचार

कांग्रेस ने राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर गोवा में सरकार बनाने का दावा किया

गोवा:
कांग्रेस ने गोवा में सरकार बनाने का दावा पेश किया है. कांग्रेस ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा को चिट्ठी लिखकर राज्य में सरकार बनाने का दावा किया है. पार्टी ने कहा कि विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद से विधानसभा में बीजेपी के 13 विधायक हैं. मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली सरकार के पास बहुमत नहीं है. जो पार्टी अल्पमत में है उसको सरकार में रहने का कोई हक नहीं है. हम चाहते हैं कि मौजूदा सरकार को बर्खास्त किया जाए और सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया जाए.

इस बीच गोवा बीजेपी के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को मीटिंग में शामिल होने के लिए बुलाया गया. उनके मुताबिक राज्य में सब कुछ ठीक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चाहे तब सरकार नहीं बना सकती. अप्रैल में गोवा में उपचुनाव होना है. पार्टी को उसके लिए भी तैयारी करनी है. हमें कांग्रेस की चिंता नहीं है.

बता दें कि गोवा के पूर्व उप मुख्यमंत्री फ्रांसिस डिसूजा का हाल ही में निधन हो गया था. 64 साल के डिसूजा कैंसर से जूझ रहे थे. उनका अमेरिका में इलाज हो चुका था. वे गोवा राजीव कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में 1999 में गोवा विधानसभा के लिए चुने गए, और बाद में बीजेपी में शामिल हुए. वे 2002, 2007, 2012 और 2017 में भी विधानसभा के लिए चुने गए थे. 2012 में मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनने पर डिसूजा को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था.

बीजेपी के पास कुल 21 विधायकों का समर्थन
गोवा में विधानसभा की कुल 40 सीटें हैं। बीजेपी विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन, कांग्रेस सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्ते के इस्तीफा देने के चलते सूबे में अब 37 एमएलए ही बचे हैं। सोप्ते और शिरोडकर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। इसके चलते कांग्रेस पर अब 16 की बजाय 14 विधायक ही बचे हैं, जबकि बीजेपी के पास 13 विधायक हैं। लेकिन, बीजेपी को गोवा फॉरवर्ड पार्टी के तीन, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के तीन और एनसीपी के एक विधायक के अलावा एक निर्दलीय का भी समर्थन हासिल है। इस तरह बीजेपी के पास कुल 21 विधायकों का समर्थन है।

पर्रिकर के करीबी सहयोगी ने कहा, उनकी तबीयत सही
इस बीच पर्रिकर के करीबी सहयोगी सिद्धार्थ कुनकोलियेंकर ने उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के डॉक्टर उनकी नियमित जांच कर रहे हैं और उनकी हालत स्थिर है। सिद्धार्थ ने पणजी के पास पर्रिकर के घर से लौटने के बाद मीडिया से कहा, ‘वर्तमान में उनके पास गोवा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर हैं। नियमित जांच की जा रही है, वह स्थिर हैं।’ पर्रिकर के फरवरी 2018 में अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित होने की पुष्टि की गई थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker