Flash Newsदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार

न्यूजीलैंड: मस्जिदों में हमले के बाद से 9 भारतीय लापता, हमले में 49 लोगों की मौत

न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में शुक्रवार को बंदूकधारियों ने दो मस्जिदों पर हमला कर 49 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 20 से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के बाद से 9 भारतीय भी लापता हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
इस वारदात को अंजाम देने वाले एक हमलावर की पहचान ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के रूप में हुई है, जो अति दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रभावित है। इस हमले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ी बाल-बाल बच गए जो जुमे की नमाज के लिए क्राइस्टचर्च की मस्जिद पहुंचे हुए थे। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने इसे आतंकवादी हमला करार दिया है।

पुलिस के मुताबिक, पहला हमला सेंट्रल क्राइस्टचर्च स्थित मस्जिद अल नूर में हुआ और दूसरा हमला लिनवुड मस्जिद में किया गया। पहले हमले में 41 लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी मस्जिद में 7 सात लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

मस्जिद के बाहर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई। दोनों मस्जिदों के बीच की दूरी पांच किलोमीटर है। पुलिस का कहना है कि यह अभी साफ नहीं हो सका है कि इस हमले को कितने लोगों ने अंजाम दिया है। हालांकि, एक हमलावर की पहचान ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के रूप में हुई है।

घटना स्थल से दो आईईडी भी बरामद हुआ है, जिसे मिलिट्री पुलिस ने डिफ्यूज कर दिया। न्यूजीलैंड के पुलिस कमिश्नर माइक बुश ने बताया कि इस मामले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

अब तक ये नहीं कहा जा सकता कि खतरा खत्म हो गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने मुस्लिमों से अपील की है कि वे मस्जिदों में न जाएं और घरों में ही रहें। न्यूजीलैंड सरकार ने क्राइस्टचर्च आने जाने वाली 17 घरेलू उड़ानों को रद्द कर दिया है।

न्यूजीलैंड पुलिस के मुताबिक, हमलावर एक ऑस्ट्रेलियाई युवक ब्रेंटन टैरेंट (28) था। उसने मस्जिद में घुसने से पहले फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फुटेज में हमलावर को मस्जिद के अंदर घुसकर लोगों पर गोलियां बरसाते देखा गया।

हालांकि, घटना के बाद फेसबुक और ट्विटर ने इस वीडियो को ब्लॉक कर दिया। गोलीबारी के बाद हमलावर ने वापस अपनी कार में बैठकर बंदूक के अटकने और लोगों को आसानी से मारने के बारे में भी बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेंटन ने खतरनाक मंशा वाला 37 पन्नों के एक मैनिफेस्टो भी लिखा था।
छह भारतीयों के मारे जाने की आशंका
हमले में भारतीय मूल के छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने बताया कि शुरुआती सूचनाओं के मुताबिक, इस घटना में दो भारतीयों और चार भारतीय मूल के लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ये जानकारी आधिकारिक नहीं है और न्यूजीलैंड की सरकार ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker