Flash Newsब्रेकिंग न्यूज़समाचार
गुजरात रैली में प्रियंका गांधी ने मोदी पर साधा निशाना..
उनसे पूछिए, कहां गए 15 लाख और 2 करोड़ नौकरियां-प्रियंका

नई दिल्ली:
लोकसभा 2019 के चुनाव का ऐलान होने के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ गुजरात में आज एक बड़ी रैली की. CWC की बैठक के बाद गांधी नगर में हुई इस रैली में सभी की नजरें प्रियंका गांधी पर टिकी थीं.
कांग्रेस महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी ने पहली बार किसी रैली को संबोधित किया. उन्होंने साफ कर दिया कि उनका इरादा भाषण देने का नहीं है, लेकिन वे आज अपने दिल की बात करना चाहती हैं. तकरीबन साढ़े सात मिनट के अपने भाषण में प्रियंका ने दिल की बात कहने के दौरान बिना पीएम मोदी का नाम लिए मोदी सरकार पर तीखे कटाक्ष किए और जमकर निशाना साधा.
देश में आज जो हो रहा है उसे देखकर दुख होता है- प्रियंका
अपने भाषण शुरु करने से पहले प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं भाषण नहीं दूंगी बल्कि दो शब्द बोलूंगी. प्रियंका ने कहा, ”मैं पहली बार गुजरात आई हूं. पहली बार साबरमती आश्रम गई, जहां से गांधी जी ने आजादी का आंदोलन शुरू किया. आश्रम में प्रार्थना करते हुए आंसू आ गए और उन लोगों की याद आई, जिन्होंने देश के लिए जीवन दिया.” उन्होंने कहा, ”ये देश प्रेम सद्भावना और आपसी प्यार के आधार पर बना है. इसलिए आज जो देश में आज जो हो रहा है उसे देखकर दुख होता है.”
उनसे पूछिए, कहां गए 15 लाख और 2 करोड़ नौकरियां
प्रियंका ने कहा कि मैं आपसे आग्रह करना चाहती हूं कि सोचसमझ कर इस बार आप निर्णय लें. जो आपके सामने बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, बड़े-बड़े वादे करते हैं, उनसे पूछिये कि जो दो करोड़ रोजगार देने का उन्होंने आपको वचन दिया था, वो रोजगार कहां है. उनसे पूछिए कि जो 15 लाख आपके खाते में आने वाले थे, वे कहां हैं. जिन महिलाओं की सुरक्षा की बात वो करते थे, उन महिलाओं को किसने पूछा इन पांच सालों में
देश की हिफाजत आप करेंगे, कोई और नहीं
आने वाले दिनों में आप सही निर्णय लीजिए, सही मुद्दे उठाइए, क्योंकि ये देश आपका है. आपने इसे बनाया है. महिलाओं, किसानों, युवाओं ने इसे बनाया है. और किसी ने ये देश नहीं बनाया है. कोई और नहीं, बल्कि आप ही इस देश की हिफाजत कर सकते हैं. इस जिम्मेदारी को समझिए. ये आजादी की लड़ाई से कम नहीं है. प्रियंका ने संवैधानिक संस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी संस्थाएं मिटाई जा रही हैं. इस देश को बचाने के लिए आप सबको आना पड़ेगा.



