Flash Newsअन्य प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार
58 साल बाद मोदी के गढ में आज CWC की बैठक, प्रियंका देंगी डेब्यू स्पीच.

अहमदाबाद/नईदिल्ली:
लोकसभा चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस आज गुजरात में अपनी वर्किंग कमेटी की बैठक जारी है, इस बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के बड़े दिग्गज इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. ऐसा 58 साल बाद हो रहा है जब कांग्रेस की ये बैठक गुजरात में हो रही है
राहुल ने कहा, ”कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक में प्रण लिया गया कि भाजपा-संघ की क्रोध, नफरत फैलाने और बंटवारे वाली विचारधारा को हराएंगे। इस प्रयास में कोई भी बलिदान महान नहीं है, न कोई प्रयास छोटा है। हम इस लड़ाई को जीतेंगे।” राजनीति में सक्रिय होने के बाद गुजरात में कांग्रेस महासचिव प्रियंका पहली बार सार्वजनिक रैली को संबोधित कर सकती हैं।
1961 में भावनगर में हुई थी कार्यसमिति की बैठक
गुजरात में कार्यसमिति की बैठक 58 साल बाद हो रही है। इससे पहले 1961 में भावनगर में हुई थी। बैठक से पहले साबरमती आश्रम में प्रार्थना सभा भी रखी गई थी। 12 मार्च 1930 को साबरमती आश्रम से महात्मा गांधी ने ब्रिटिश सरकार का नमक कानून तोड़ने के लिए ऐतिहासिक दांडी यात्रा शुरू की थी।
जन संकल्प रैली में शामिल होंगे सोनिया-राहुल
कांग्रेस प्रदेश इकाई के प्रमुख अमित चावड़ा ने कहा- कार्यसमिति की बैठक के बाद गांधीनगर के अडालज में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता जनसंकल्प रैली में हिस्सा लेंगे।
राहुल की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होंगे हार्दिक पटेल
पाटीदार आरक्षण को लेकर आंदोलन से सुर्खियों में आए हार्दिक पटेल कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतर सकते हैं। राहुल की मौजूदगी में हार्दिक पटेल पार्टी में शामिल होंगे। महात्मा गांधी और सरदार पटेल की धरती से कांग्रेस पूरे देश को एक मजबूत संदेश देना चाहती है।
लोकसभा की रणनीति तैयार करेंगे वरिष्ठ नेता
11 अप्रैल से लोकसभा चुनाव का पहला चरण शुरू हो जाएगा। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता चुनाव के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रणनीति तैयार करेंगे। बैठक में कृषि, आर्थिक संकट, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा के मुद्दों पर नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को हटाने पर भी चर्चा होगी।
वादे पूरे नहीं कर पाई मोदी सरकार
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पांच साल में नरेंद्र मोदी ने अपना वादा पूरा नहीं किया। लोगों को केवल मूर्ख बनाया। पांच साल की सत्ता के दौरान गरीबों, बेरोजगारों और किसानों को दुख दिया है, जिसे चुनावी मुद्दा बनाने की जरूरत है।



