Flash Newsअन्य प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़समाचार
मोदी ने कहा-अब पाकिस्तान में घुस-घुसकर मारेंगे,चुन-चुनकर हिसाब लेना मेरी फितरत.

अहमदाबाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद मेट्रो के पहले फेज की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ”आतंकी पाताल में भी छिपे हों, मैं छोड़ने वाला नहीं हूं। कब तक निर्दोष लोगों को मारने देंगे। सेना ने हिम्मत दिखाई और चुन-चुनकर हिसाब लेना मेरी फितरत है।” मोदी ने जैश के ठिकानों पर वायुसेना की कार्रवाई पर सवाल उठाने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सेना के पराक्रम पर भरोसा नहीं। उनके बयान पाकिस्तान में हेडलाइन बनते हैं। सेना की कार्रवाई को वे (विपक्ष) चुनावी खेल बता रहे हैं। अब हमारा सिद्धांत है कि घर में घुसकर मारेंगे।
मोदी ने कहा, “कोई देश इतना निसहाय नहीं रह सकता है। 40 साल से हमारे ऊपर गोलियां दागी जा रही हैं। मान लीजिए हमारे जवानों के साथ कुछ उल्टा हो जाता तो किसका इस्तीफा मांगते? मुझे कुर्सी की नहीं, देश की चिंता है। मैं कहता हूं, लोगों को घर दिए उस पर विवाद करो, दूसरे कामों पर विवाद करो। मोदी को गाली देनी की कमी है क्या? सेना को क्यों मुद्दा बनाते हो। जवान देश के लिए जान पर खेलता है।”
पीएम मोदी ने विपक्ष को दी नसीहत
इससे पहले जामनगर में प्रधानमंत्री ने अपने पूर्व में दिए बयान का अर्थ स्पष्ट करते हुए विपक्ष को नसीहत दी कि वह बयान के मायने समझने में थोड़ा दिमाग लगाए। मोदी ने कहा, उन्होंने कहा था कि राफेल होता तो नतीजे कुछ और होते। इसका मतलब था कि यदि 27 फरवरी को पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ने में राफेल लगे होते तो उनका कोई विमान नहीं बचता और न ही हमारा कोई गिरता।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मेरा उद्देश्य आतंक को खत्म करना है और विपक्ष का मोदी को खत्म करना है। आतंकवाद की जड़ें पड़ोसी देश में हैं, क्या हमें उसका इलाज नहीं करना चाहिए। भारत को बर्बाद करने की धमकी देने वाले उनके आकाओं के सफाए तक देश चुप नहीं बैठेगा। हमें हमारी सेनाओं पर विश्वास व गर्व होना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि देश में हर काम को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।



