उत्तर प्रदेशसमाचार

शाह ने योगी सरकार और संगठन को दिया 74 सीटों का लक्ष्य..

भाजपा अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश को 2014 में मिली 73 सीटों से एक सीट बढ़ाकर 74 सीटों का बड़ा लक्ष्य दिया है। शाह ने योगी सरकार और प्रदेश भाजपा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से सामान्य जीत नहीं चाहिए। ऐसा परिणाम ऐसा आना चाहिए कि सीटों का आंकड़ा और जीत का अंतर देखकर विरोधियों के दिलों की धड़कन बंद हो जाए।
शाह ने सत्ता और संगठन को अहसास कराया कि मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अन्य प्रदेशों की तुलना में सबसे ज्यादा योजनाएं, परियोजनाएं और पैसा यूपी को दिया है। पहले जहां यूपी को केंद्र सरकार से केवल 3.80 लाख करोड़ मिलता था, अब 8.08 लाख करोड़ रुपये मिल रहे हैं। अकेले यूपी में सबसे अधिक 10.27 लाख करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं।
शाह ने कहा कि दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर ही जाता है। इसलिए लोकसभा चुनाव में बूथ अध्यक्षों की जिम्मेदारी भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की है। उत्तर प्रदेश से भाजपा के पक्ष में उठी हवा, पहले आंधी और फिर सुनामी में बदलनी चाहिए।
2014 में मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में यूपी ने 73 सीटें देकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। 2019 में भी यूपी से 74 सीटें जीतकर मोदी फिर गाजे-बाजे के साथ प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
साथ ही शाह ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री योगी की पीठ थपथपाते हुए कहा कि सपा-बसपा की सरकारों के समय गुंडे पुलिस को पीटते थे। अब गुंडे पुलिस के भय से जेल जा रहे हैं या प्रदेश छोड़ने को तैयार हैं। कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास भी हो रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker