Flash Newsदुनियाब्रेकिंग न्यूज़

 काबुल में मतदाता पंजीकरण केंद्र के बाहर आत्मघाती हमला, 57 मरे

हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया

 काबुल-

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मतदाता पंजीकरण केंद्र के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने रविवार को खुद को बम से उड़ा लिया। धमाके में कम से कम 57 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। ताजा हमले को देश में अक्टूबर में होने जा रहे आम चुनाव को रोकने की साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने हमले की निंदा करते हुए कहा, “ऐसे हमले कर आतंकी हमें लक्ष्य से नहीं डिगा सकते और न ही वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर सकते हैं।” संयुक्त राष्ट्र ने भी हमले की कड़ी निंदा की है। भारत ने काबुल हमले को कायराना और बर्बर करार देते हुए मदद की पेशकश की है। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि यह न केवल निर्दोष नागरिकों बल्कि उनके लोकतांत्रिक अधिकारों पर भी हमला है।

अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानेश के अनुसार मतदाता पंजीकरण केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपना वोटर कार्ड लेने या फिर पंजीकरण कराने के लिए कतार में खड़े थे। तभी एक आतंकी वहां पैदल चलकर पहुंचा और भीड़ में शामिल होकर खुद को बम से उड़ा लिया। प्रवक्ता के अनुसार धमाके में 119 लोग घायल हैं। मरने वालों का आंकड़ा 57 से अधिक हो सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि वहां खड़ी गाड़ियां तबाह हो गईं और आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। पश्चिमी काबुल के जिस इलाके में यह हमला हुआ है, वहां अधिकतर अल्पसंख्यक शिया हजारा समुदाय के लोग रहते हैं। आए दिन आइएस इस समुदाय को अपना निशाना बनाता रहता है। जनवरी में काबुल में बम धमाके के बाद यह राजधानी में दूसरा बड़ा आतंकी हमला है। उस आतंकी हमले में 100 लोगों की मौत हो गई थी।

इसी साल होने हैं आम चुनाव

इस साल अक्टूबर में अफगानिस्तान में चुनाव होने हैं। लंबे समय से इन चुनावों को देश के हालात को देखते हुए टाला जा रहा था। गनी पर चुनाव कराने के लिए लगातार दबाव बढ़ रहा था। आतंकी संगठन आइएस आम चुनाव कराने के खिलाफ है। चुनाव की तैयारियों के तहत ही अफगानिस्तान सरकार ने अप्रैल से ही देश में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की है। अफगानिस्तान में करीब एक करोड़ मतदाता हैं

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker