Flash Newsउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़
यूपी:मुख्यमंत्री ने ‘कौशाम्बी महोत्सव’ का उद्घाटन किया
295 करोड़ रु0 से अधिक की 105 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण

लखनऊ:
मुख्यमंत्री ने ‘कौशाम्बी महोत्सव’ का उद्घाटन किया ,
स्कूल चलो अभियान तथा टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारम्भ ,
मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ रु0 से अधिक की 105 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया,
जनपद कौशाम्बी में नेशनल हाइवे के निकट ट्रामा सेन्टर की स्थापना की जायेगी,
कौशाम्बी को एक महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने पुरातात्विक स्थल घोषिताराम विहार का भ्रमण किया,
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद कौशाम्बी में पर्यटन के क्षेत्र में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। यह अकेला जनपद है जो बौद्ध और रामायण सर्किट दोनों से जुड़़ा है। कौशाम्बी को एक महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जायेगी और आने वाले दिनों में कौशाम्बी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन के केन्द्र के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री जनपद कौशाम्बी के मुख्यालय मंझनपुर में ‘कौशाम्बी महोत्सव’ का उद्घाटन करने के उपरान्त एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भगवान बुद्ध से सम्बन्धित 06 महत्वपूर्ण स्थल-कपिलवस्तु, श्रावस्ती, कुशीनगर, सारनाथ, संकिसा और कौशाम्बी हैं। कौशाम्बी में जैन धर्म, माँ शीतला शक्तिपीठ, सूफी सम्प्रदाय से सम्बन्धित स्थल भी प्रमुख हैं । यहां पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को तलाशने की दिशा में कार्य प्रारम्भ हो गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा 295 करोड़ रुपये से अधिक की 105 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। महोत्सवों के आयोजन की उपादेयता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थलीय विकास के लिए ऊर्जा प्राप्त होती है। साथ ही, क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए यह महत्वपूर्ण हेतु का काम करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री सुरेन्द्र कुमार सिंह व डाॅ0 राजेन्द्र त्रिपाठी रसराज को कौशाम्बी रत्न से सम्मानित किया। साथ ही, कौशाम्बी महोत्सव से सम्बन्धित स्मारिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद कौशाम्बी में नेशनल हाइवे के निकट एक ट्रामा सेन्टर की स्थापना की जायेगी।


