उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़
वर्तमान भाजपा सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया -अखिलेश यादव
भाजपा को रोकने का काम क्षेत्रीय ताकतें ही कर सकती हैं-अखिलेश यादव

भाजपा को रोकने का काम क्षेत्रीय ताकतें ही कर सकती हैं-अखिलेश यादव
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। सिर्फ समाजवादी सरकार की चल रही योजनाओं से समाजवादी शब्द हटाने और उद्घाटन हो चुके का उद्घाटन करने में ही पूरा वर्ष बिता दिया है। भाजपा ने धर्म तथा त्योहार के नाम पर समाज को बांटने का काम किया है। किसानों और नौजवानों की बेरोजगारी पर ध्यान देने की उन्हें फुर्सत नही है।
अखिलेश यादव एक न्यूज चैनल के लखनऊ में आयोजित शिखर सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रख रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में किसान, गरीब, व्यापारी, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में इनसे तमाम वादे किए लेकिन उन्हें धोखा दिया। भाजपा का चरित्र मुद्दों को भटकाने का रहता है। भाजपा को रोकने का काम क्षेत्रीय ताकतें ही कर सकती हैं।
सरकार से जनता का मोहभंग हो गया है। उसके मन में गहरा आक्रोश है। इसका असर गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनावों के नतीजों में दिखाई दिया है। जनता भाजपा को नकार रही है। इसका पूरा नतीजा 2019 में सामने आ जायेगा।


